दत्तनगर स्कूल में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में स्कूल के उत्थान, शिक्षा को और बेहतर करने पर मंथन किया गया। साथ ही एसएमसी की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से पार्वती आनंद को स्कूल प्रबंधन समिति की कमान सौंपी गई। हरदयाल सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने स्कूल की बेहतरी के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया। बैठक में कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. विनोद मेहता और अंग्रेजी प्रवक्ता बृज लाल ने अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने उपस्थित सदस्यों और अभिभावकों को स्कूल के आगामी लक्ष्यों, बुनियादी ढांचे के विकास और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस चुनावी बैठक में नवनिर्वाचित स्थानीय पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से भाग लिया और स्कूल की उन्नति के लिए हर संभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। स्कूल प्रशासन, अध्यापकों और स्थानीय ग्रामीणों ने नई कार्यकारिणी के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों, सम्मानित सदस्यों को बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि ऊर्जावान और अनुभवी टीम के कुशल नेतृत्व में विद्यालय नए आयाम स्थापित करेगा। इस मौके पर दत्तनगर पंचायत प्रधान वीना नेगी, बीडीसी सदस्य डिंपल शर्मा, नीरथ पंचायत प्रधान हेमराज पालसरा, दत्तनगर पंचायत के उपप्रधान प्रताप सरकेक सहित कई अन्य मौजूद रहे।