उपायुक्त सोलन ने जारी किए नए मतदान केंद्रों के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने विकास खंड सोलन के तहत आने वाली कुछ ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों में आंशिक संशोधन किया है। यह निर्णय खंड विकास अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है, ताकि आगामी प्रक्रियाओं में सुगमता बनी रहे। संशोधन के अनुसार, विभिन्न वार्डों के लिए अब नए मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसमें ग्राम पंचायत शडियाणा के वार्ड सात कोठी के लिए अब संशोधित मतदान केंद्र ग्राम पंचायत कार्यालय शडियाणा होगा। पहले यहां के मतदाता राजकीय प्राथमिक पाठशाला शडियाणा में मतदान करते थे। ग्राम पंचायत पड़ग के वार्ड दो डढोग एवं वार्ड 4 जराई इन दोनों वार्डों के लिए अब मतदान केंद्र ग्राम पंचायत कार्यालय पड़ग को बनाया गया है। पूर्व में इनका केंद्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला दधोग था। वार्ड 6 दांवसी एवं वार्ड 7 दधोग के इन वार्डों के लिए अब संशोधित मतदान केंद्र राजकीय माध्यमिक पाठशाला दधोग होगा। इससे पहले यहां भी राजकीय प्राथमिक पाठशाला दधोग में ही मतदान केंद्र स्थापित था। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह बदलाव विकास खंड अधिकारी की रिपोर्ट और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए किए गए हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है कि वे इन संशोधित केंद्रों को नोट कर लें ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।