कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन बाजार में आए दिन जाम को देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग बनाने की योजना शुरू कर दी है। प्रशासन ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर जल्द समस्या का हल निकालने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
कुमारसैन में तहसील और एसडीएम कार्यालय होने के कारण लोगों का आना जाना लगा रहता है। बाजार में पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण हर रोज जाम लग रहा है।
इससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। पार्किंग की समस्या और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शनिवार को कुमारसैन में व्यापार मंडल कुमारसैन, पंचायत प्रतिनिधियों, एचआरटीसी, आरटीओ, पुलिस, टैक्सी, पिकअप यूनियन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बैठक की।
इसमें पार्किंग व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। कुमारसैन में मार्च में डीसी शिमला के आदेशों के बाद से नए ट्रैफिक नियम लागू किए गए थे। इसके बाद से वाहनों को पार्क करने में लोगों को दिक्कतें पेश आ रही थीं। इसी संदर्भ में शनिवार को एक बैठक रखी गई, जिसमें स्थानीय लोगों के सुझाव और पार्किंग समस्या को लेकर मंथन किया।
व्यापार मंडल ने कुमारसैन बस स्टैंड के पास लोडिंग अनलोडिंग प्वाइंट पूरे दिन रखने का आग्रह किया। बस स्टैंड में टू व्हीलर के लिए पार्किंग स्थल चयनित करने की मांग रखी। ककड़धार-छतरी-शिमला बस सेवा और पूह-शिमला बस सेवा को वाया कुमारसैन चलाने की मांग रखी। कुमारसैन में ऑटो के परमिट जारी करने को लेकर भी चर्चा की गई।
एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि हाल ही में डीसी शिमला की ओर से कुमारसैन में पार्किंग को लेकर जो आदेश दिए गए हैं, उनकी अनुपालना करने का आग्रह किया। उसमें जो खामियां हैं, उनको कैसे दूर करना है, इस बारे में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस बारे में एक संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा और जल्द से जल्द पार्किग समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार रमेश सिंह राणा, आरटीओ रामपुर नरेश शर्मा, आरएम प्रेम कश्यप, पुलिस थाना के एएसआई मनमोहन कालिया, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता गीताराम सैन, कुमारसैन पंचायत की प्रधान मीनाक्षी गौतम, जार की प्रधान मीरा देवी, डीब के प्रधान राजकुमार कौल, व्यापार मंडल प्रधान सुधीर तनेजा आदि मौजूद रहे। संवाद