रामपुर बुशहर। आखिर लंबे अरसे बाद नगर परिषद रामपुर की बहुमंजिला पार्किंग के लाभ के लिए इंतजार समाप्त हो चुका है। व्यवस्थित रूप से पार्किंग चलाने को नगर परिषद की हरी झंडी मिल गई है। वीरवार को इस बहुमंजिला पार्किंग के लिए नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। तीन मंजिला पार्किंग 38 लाख 25 हजार रुपये में नीलाम हुई है, जबकि पार्किंग चलाने के लिए 18 प्रतिशत जीएसटी अलग से जमा करना होगा।
गौर हो कि रामपुर के वार्ड नंबर तीन स्थित इंदिरा मार्केट में करीब दो वर्ष पूर्व बहुमंजिला पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। लंबे समय से सरकारी फेर में फंसने के कारण पार्किंग का उद्घाटन नहीं हो पा रहा था, लेकिन हाल ही में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस पार्किंग का ऑनलाइन शुभारंभ किया। उसके बाद नगर परिषद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इस पार्किंग को चला रहा था। वीरवार को इस पार्किंग को चलाने के लिए निलामी प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें शहर भर के ठेकेदार और व्यापारी वर्ग ने हिस्सा लिया। नगर परिषद ने नीलामी की राशि 12 लाख तय की थी। वहीं 12 लाख 500 रुपये से नीलामी शुरू हुई। इसके बाद बोलीदाता ने 17 लाख की बोली लगाई। वहीं इसके बाद अचानक एक बोलीदाता अमित कालिया ने 38 लाख 500 रुपये की बोली लगाई, जिसे सुनकर नगर परिषद हाल में मौजूद सभी बोलीदाताओं में थोड़ी देर तो खामोशी छाई, लेकिन इसके बाद बोलीदाताओं में काफी गरमा गरमी का माहौल पैदा हो गया। कुछ समय में ही एक अन्य बोलीदाता मनीष शर्मा ने 38 लाख 25 हजार रुपये की बोली लगाई और उसकी बोली पर नगर परिषद की मुहर लग गई। अब पार्किंग चलाने वाले इस बोलीदाता को निलामी की राशि के अलावा 18 प्रतिशत जीएसटी भी चुकाना होगा। इस पार्किंग में करीब 150 वाहनों को पार्क करने की सुविधा रहेगी।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवाचंद नेगी ने बताया कि नगर परिषद की पार्किंग की नीलामी 38 लाख 25 हजार रुपये में हुई है, जिसकी अवधि अगले एक वर्ष तक रहेगी। तीन मंजिला पार्किंग में करीब 150 वाहनों को पार्क करने की सुविधा रहेगी। नगर परिषद ने पार्किंग के रेट तय किए हैं, जिन्हें मंजूरी के लिए उपायुक्त शिमला को भेजा जा रहा है। उक्त बोलीदाता को पत्र जारी होने के 15 दिन के भीतर नीलामी की राशि अदा करनी होगी। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे पांच किनारे पार्क किए गए वाहनों को हटाने के लिए नप द्वारा विशेष मुहिम छेड़ी जाएगी और इसमें एनएच प्राधिकरण की मदद भी ली जाएगी।
ये रहेगा पार्किंग शुल्क
नगर परिषद ने 4 घंटे के 30 रुपये, 8 घंटे के 50 रुपये, 12 घंटे के 70 रुपये, 24 घंटे के 100 रुपये और एक माह का पार्किंग शुल्का 1000 रुपये निर्धारित किया है।