फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: ठियोग में पार्किंग का संकट, सड़क किनारे ही वाहन खड़ा करने का विकल्प

विज्ञापन
ठियोग कस्बे में सड़क पर खड़ी गाड़ियां। संवाद
विज्ञापन
. सड़कों पर खड़ीं गाड़ियों से रोजाना लग रहा जाम, प्रशासन के पास नहीं कोई स्थायी समाधान
विज्ञापन


.
सिर्फ वार्ड नंबर-4 में 25 वाहनों की पार्किंग, नए प्रस्ताव से मिल सकता है राहत का रास्ता

सुनील ग्रोवर

ठियोग (रामपुर बुशहर)। ऊपरी शिमला का प्रवेश द्वार माने जाने वाले ठियोग में पार्किंग की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। कस्बे की हर सड़क, हर मोड़ और बाजार के हर हिस्से में वाहनों की लंबी कतारें खड़ी नजर आती हैं। सड़क के किनारे खड़ीं गाड़ियां न केवल आवागमन को बाधित कर रही हैं, बल्कि रोजाना जाम की स्थिति पैदा कर देती हैं। स्थानीय लोग बताते हैं कि कस्बे में आने वाले लोगों के पास सड़क पर वाहन खड़ा करने के अलावा कोई विकल्प ही नहीं बचा है। ठियोग कस्बे में तेजी से बढ़ती जनसंख्या, बढ़ते वाहनों और सीमित स्थान के कारण यह समस्या साल-दर-साल गंभीर होती जा रही है, लेकिन अब तक सरकार और प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ठियोग के मुख्य बाजार से लेकर प्रेमघाट, रहीघाट और एनएच-5 तक लोग मजबूरी में सड़क के किनारे वाहन खड़े करते हैं। एक गाड़ी खड़ी होते ही यातायात धीमा हो जाता है और थोड़ी देर में जाम लग जाता है। कारोबारियों का कहना है कि सड़क के किनारे वाहन खड़े होने से ग्राहक भी परेशान होते हैं। स्कूली बच्चों को छोड़ने और बाजार में खरीदारी करने के लिए लोग वाहन लेकर कस्बे में प्रवेश करते हैं, जिससे सुबह और दोपहर के समय हालात और बिगड़ जाते हैं। पूरे ठियोग कस्बे में इस समय सिर्फ वार्ड नंबर-4 में एकमात्र पार्किंग की सुविधा है, जिसमें अधिकतम 25 वाहनों की ही व्यवस्था हो पाती है। नगर परिषद की ओर से पिछले कई साल से अथक प्रयासों के बाद भी कस्बे में किसी बड़ी पार्किंग का निर्माण संभव नहीं हो पाया है। स्थानीय लोग और कारोबारी कई साल से पार्किंग की समस्या के समाधान की मांग उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार और प्रशासन ने कोई ठोस योजना नहीं बनाई। कई बार बैठकों में प्रस्ताव बने, कुछ जगहों का निरीक्षण भी हुआ, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई बड़ा कदम नहीं उठाया गया। संवाद

नई नीति से उम्मीदें, ठियोग की बदलेगी तस्वीर

कस्बे के बुद्धिजीवी वर्ग ने हाल ही पुराने बस अड्डे के पास परिवहन निगम की नौ बीघा से अधिक जमीन पर एक शॉपिंग कांप्लेक्स और व्यावहारिक पार्किंग नीति का सुझाव दिया है। इसमें कई समाधान प्रस्तावित किए गए हैं। यदि प्रशासन इन पर गंभीरता से कदम उठाए, तो आने वाले समय में ठियोग का पार्किंग संकट काफी हद तक कम हो सकता है।
विज्ञापन


येलो लाइन विकल्प पर परिषद कर रही विचार

प्रेमघाट से रहीघाट के बीच की सड़क पर टारिंग होने के बाद नगर परिषद और प्रशासन येलो लाइन लगाकर पार्किंग स्थलों का चुनाव करने की तैयारी में जुट गए हैं। प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि जब तक नई पार्किंग नहीं बनती है, तब तक सड़क के किनारे समयसीमित 30–45 मिनट पार्किंग की अनुमति दी जाए। इसके बाद धीरे-धीरे नो पार्किंग जोन को फिर से बहाल कर सख्त जुर्माना लगाया जाए।

सैटेलाइट पार्किंग और डिजिटल पार्किंग सिस्टम से राहत

ठियोग के बाहर दो बड़े स्थानों पर सैटेलाइट पार्किंग बनाने की योजना भी है। इन पार्किंग से मिनी शटल या ई रिक्शा वालों को लोगों को बाजार तक लाने ले जाने का विकल्प बन सकता है। साथ ही, पार्किंग स्थलों पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाकर खाली स्लॉट की जानकारी तुरंत देने की बात भी कही गई है।



सड़क के किनारे नालियों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रशासन के साथ मिलकर सड़क पर पार्किंग के लिए येलो लाइन लगाने का विचार है। इसके लिए रोड मैप तैयार हो चुका है । -अनिल ग्रोवर, अध्यक्ष, नगर परिषद ठियोग।
विज्ञापन




पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों और परिषद के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ली गई है। प्रेमघाट से रहीघाट के बीच चिह्नित जगहों को पार्किंग स्थल बनाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। इसी सप्ताह यह प्रस्ताव तैयार भेजे जाने की संभावना है। शशांक गुप्ता, एसडीएम

ठियोग कस्बे में सड़क पर खड़ी गाड़ियां। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें