जंजैली स्कूल में आयोजित एसएमसी की बैठक में उपस्थित अभिभावक । संवाद
जंजैली स्कूल में एसएमसी की बैठक में अभिभावकों ने उठाईं समस्याएं
कहा-सुविधाओं की कमी का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला जंजैली में मिड-डे मील योजना के संचालन के लिए किचन शेड बनवाया जाए और शौचालयों की स्थिति में सुधार किया जाए। बुधवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक में अभिभावकों ने स्कूल की समस्याओं के समाधान की मांग उठाईं। बैठक में बीडीसी उपाध्यक्ष पिंकी ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने स्कूल का आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में विद्यालय के विकास कार्यों, विद्यार्थियों की सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों ने स्कूल में लंबे समय से चली आ रहीं समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अभिभावकों ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय की गतिविधियों पर पड़ रहा है। विद्यालय में सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध नहीं है। कई बार समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग और सरकार को अवगत करवाया गया है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। बीडीसी उपाध्यक्ष पिंकी ठाकुर ने सभी समस्याओं को सुना और आश्वासन दिया कि विद्यालय से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभाग और सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। बैठक में सभी अभिभावकों ने विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के शीघ्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर जग्गन ठाकुर, राजपाल, यशवंत शर्मा, एसएमसी प्रधान मनोहर कश्यप और वार्ड सदस्य सीमा कश्यप सहित अभिभावक उपस्थित रहे।