राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित हुए पीजी कॉलेज रामपुर प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया। स्
पीजी कॉलेज रामपुर के प्राचार्य पंकज बासोतिया को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर के प्राचार्य पंकज बासोतिया को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है। उन्हें शनिवार को शिमला में आयोजित एक समारोह में सर्वश्रेष्ठ प्राचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और संस्थागत विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। राज्यपाल ने शिक्षा क्षेत्र में बेहतरीन सेवाओं के लिए कुल दो कॉलेज प्राचार्यों और तीन सहायक प्रोफेसरों के नामों की घोषणा की है। दर्शनशास्त्र में स्वर्ण पदक विजेता बासोतिया ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय ने राज्य रैंकिंग, पुस्तकालय विकास और आधारभूत ढांचे में प्रगति की है। वर्चुअल कक्षाओं, कौशल प्रयोगशालाओं और नवाचार सुविधाओं का भी विकास हुआ है। उन्होंने छात्र सहायता प्रणालियों को मजबूत किया और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। खेल, संस्कृति और पाठ्येतर गतिविधियों को बढ़ावा देने से छात्रों ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। इनमें मुक्केबाजी, वॉलीबाल, क्रिकेट, युवा महोत्सव, लोक कला, वाद-विवाद और समूहगान शामिल हैं। महाविद्यालय ने उन्नत भारत अभियान के तहत पांच गांवों को गोद लेकर समाज से जुड़ाव भी मजबूत किया है। एनसीसी, एनएसएस और रोवर्स एंड रेंजर्स जैसी गतिविधियां भी उनके कार्यकाल में सक्रिय रहीं। बासोतिया के नेतृत्व में गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसमें शैक्षणिक गुणवत्ता, पुस्तकालयों का आधुनिकीकरण और बुनियादी ढांचे का विस्तार शामिल है। वर्चुअल कक्षाएं और कौशल प्रयोगशालाएं स्थापित की गईं, जिससे छात्रों को आधुनिक शिक्षा मिली। नवाचार सुविधाओं और प्रभावी छात्र सहायता प्रणालियों ने भी महाविद्यालय को आगे बढ़ाया।