26 जुलाई को परिसंपत्तियों की होगी नीलामी, नीलामी के माध्यम से एक साल के लिए किराये पर दी जाएगी परिसंपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। पंचायत समिति आनी अपनी परिसंपत्तियों को किराये पर देकर आय बढ़ाएगी। हाल ही में संपन्न पंचायत समिति की त्रैमासिक साधारण बैठक में इस पर चर्चा की गई थी। समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप सिंह ने कहा कि समिति की परिसंपत्तियों में शामिल गेस्ट हाउस में चार कमरे, एक कार पार्किंग और मुख्यमंत्री लोक भवन में एक शटर किराये पर दिया जाना है। एक साल के लिए किराये पर देने के लिए खुली बोली का आयोजन होगा। उप मंडलाधिकारी आनी नरेश वर्मा की अध्यक्षता में 11 जुलाई को पंचायत समिति हॉल आनी में नीलामी का आयोजन किया गया था, लेकिन पर्याप्त बोलीदाता न होने के कारण नीलामी स्थगित कर दी गई। उन्होंने कहा कि आगामी नीलामी 26 जुलाई को आयोजित की जाएगी। उन्होंने नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोगों से उपरोक्त तिथि को 11:30 बजे पंचायत समिति हॉल आनी में खुली बोली प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। गेस्ट हाउस के चार कमरों की बोली 15 हजार, कार पार्किंग की दस हजार जबकि एक शटर की प्रारंभिक बोली 2,500 रुपये प्रतिमाह से शुरू की जाएगी। अमनदीप सिंह का कहना है कि नीलामी के लिए और इसके पश्चात बोलीदाता को पंचायत समिति की ओर से जारी कुछ शर्तों का पालन करना होगा। इस बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए बीडीओ कार्यालय आनी में संपर्क कर सकते है। उन्होंने इच्छुक आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में आकर इस प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।