सीएमओ को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू ।
स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आरबीएसके और एनटीईपी योजनाओं में सेवाएं दे रही हायर गाड़ियों के मालिकों ने ठेकेदार पर समय पर भुगतान नहीं करने के आरोप लगाए हैं। गाड़ी के मालिकों का कहना है कि वे दिनभर स्वास्थ्य विभाग को सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अपनी मेहनत की कमाई के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। भुगतान में देरी के चलते इस बार कई परिवारों की दिवाली भी फीकी रही। बच्चों को नए कपड़े और पटाखे तक नहीं दिला पाए।गाड़ी के मालिकों के अनुसार हिमाचल में दिवाली सहित सालभर आने वाले त्योहारों पर भी उन्हें कभी समय पर भुगतान नहीं मिलता। भुगतान अटकने से गाड़ियों की किस्तें जमा करवाना मुश्किल हो गया है। टैक्स और बीमा का भुगतान करने के साथ गाड़ियों का रखरखाव करना भी चुनौती बन गया है। गाड़ी मालिकों ने सवाल उठाया कि जब गाड़ियां, उनका रखरखाव और अन्य खर्च स्वयं मालिक उठा रहे हैं, तो ठेकेदार को हर गाड़ी के पीछे 10 से 12 हजार रुपये किस बात के दिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि बकाया भुगतान तुरंत जारी किया जाए और ठेकेदार की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो ठेकेदार को काली सूची में डालकर दोबारा टेंडर न दिया जाए। इस संबंध में गाड़ी मालिकों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) शिमला को भी ज्ञापन भेजकर मामले में हस्तक्षेप करने और ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से बकाया भुगतान जल्द जारी करवाने तथा भविष्य में भुगतान में देरी नहीं होने देने की मांग की है।
गाड़ी मालिकों की सूची
स्वास्थ्य विभाग के आरबीएसके और एनटीईपी के तहत अनुबंधित गाड़ियों के मालिकों और चालकों की सूची में ईशांत शर्मा (कुमारसैन), धर्मेंद्र मेहता (ननखड़ी), संजय कुमार (कोटखाई), पंकज चौहान (मत्याना), नीरज चौहान (कोटखाई), अतुल झिंटा (टिक्कर), दिनेश मेहता (ननखड़ी), जोगिंदर वर्मा (मशोबरा), सुनील कुमार (शिमला), सुनील (नेरवा), उमेश (चिड़गांव), हरीश चौहान (कुमारसैन), पंकज (नेरवा), इरशाद (मत्याना), राम लाल (चिड़गांव), अक्षय (टिक्कर), अंकित (मत्याना) और राकेश (मशोबरा) शामिल हैं।