रोहड़ू। कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय खुलना शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के निरंतर प्रयास और दूरदर्शी सोच का परिणाम है। जुब्बल-नावर-कोटखाई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोती लाल डेरटा ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय कोटखाई में कक्षा पहली से 12वीं तक सीबीएसई पाठ्यक्रम के माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। इसमें पहली बार प्री-प्राइमरी कक्षाएं भी शुरू होंगी। इस विद्यालय में करीब 1500 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस सहित सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने इसके लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त किया है।