रामपुर बुशहर। तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से प्रदेश के सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026-2027 के लिए एससीवीटी और एनसीवीटी के अंतर्गत रिक्त सीटों में प्रवेश के लिए 8 अगस्त से 14 अगस्त तक संस्थान स्तर पर स्पॉट राउंड आयोजित करवाया जा रहा है। 8 से 10 तक प्रवेश के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण एवं शुल्क जमा कर सकते हैं। संस्थान स्तर पर 11 अगस्त को पूर्वाह्न 11:00 बजे मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। 12 से 14 अगस्त तक रिक्त सीटों के लिए काउंसलिंग होगी। स्पॉट राउंड में भाग लेने के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। अपंजीकृत अभ्यर्थी 10 अगस्त तक राज्य के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण और शुल्क जमा करवाना सुनिश्चित करें। पंजीकृत अभ्यर्थी पोर्टल से अपने एप्लीकेशन फॉर्म प्रिंटआउट निकाल लें। इसके बाद आवेदन फॉर्म के साथ 10वीं की अंकतालिका और आवेदन में भरे गए वर्ग/उपवर्ग से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों की कॉपियां संलग्न करें। इन सभी दस्तावेजों को 8 से 11 अगस्त तक सुबह 11:00 बजे तक संबंधित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जमा करना सुनिश्चित करें। वहीं, खाली सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थी को 12 से 14 तक प्रवेश के लिए सभी जरूरी मूल दस्तावेजों सहित व्यक्तिगत रूप से संबंधित संस्थान में उपस्थित होना होगा। यदि काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थी को सीट आवंटित की जाती है तो निर्धारित सभी प्रकार की शुल्क एवं निधियों का भुगतान उसी समय करना होगा। अन्यथा प्रवेश रद्द करके सीट आगामी पात्र अभ्यर्थी को आवंटित कर दी जाएगी।