चौपाल (रोहड़ू)। नेरवा-चौपाल मुख्य सड़क पर नेरवा से करीब तीन से चार किलोमीटर दूर नेवटी के पास बुधवार देर शाम मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के दौरान मोटरसाइकिल सवार सड़क से करीब 100 मीटर नीचे नदी की ओर खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रात को खाई की गहराई राहत कार्य में बाधा बनी। इसके बावजूद पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरवा ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक जिला सिरमौर का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी पहचान की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।