आनी से करीब सात किलोमीटर दूर एनएच-305 पर हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर आनी से करीब सात किलोमीटर दूर फलेल नाला के पास वीरवार दोपहर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3:45 बजे ऑल्टो कार नंबर HP-35-9283 फलेल नाला के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। ग्राम पंचायत कमांद के प्रधान ने मोबाइल फोन के माध्यम से पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान तेजेंद्र राणा पुत्र निहाल सिंह निवासी खनाग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक आनी से अपने घर खनाग की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को आनी अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी राजीव मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।