आनी में स्वच्छता अभियान चलाते स्वयंसेवी। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाया। बौद्धिक सत्र में डीएसपी आनी राजीव मेहता ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। प्रातःकालीन सत्र में कार्यक्रम अधिकारी कुंदन शर्मा और रेखा ठाकुर के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने नालडेरा और दुर्गा माता मंदिर के आसपास सफाई की। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी कुंदन शर्मा ने स्थानीय लोगों से विद्यालय परिसर में प्लास्टिक की बोतलें, रैपर और अन्य कूड़ा-कचरा न फेंकने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने में सभी से सहयोग देने का आग्रह किया। सायंकालीन बौद्धिक सत्र में डीएसपी आनी राजीव मेहता मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम अधिकारी कुंदन शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डीएसपी ने स्वयंसेवियों को साइबर सुरक्षा, मोबाइल के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। डीएसपी ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। साथ ही उन्होंने आपातकालीन सहायता नंबर 112 और महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी भी दी। सत्र के दौरान स्वयंसेवियों ने पुलिस विभाग में करियर बनाने, चिट्टे के विरुद्ध अभियान और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। डीएसपी राजीव मेहता ने स्वास्तिका, खुशबू, श्रुति, जानवी, वर्णिका और कृतिका सहित अन्य स्वयंसेवियों की जिज्ञासाओं का जवाब देकर उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, उपाध्यक्ष रीना ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी रेखा ठाकुर, प्रवक्ता धर्मेंद्र वर्मा, भीम सिंह, अभिषेक ठाकुर सहित विद्यालय के अन्य सदस्य और सभी एनएसएस स्वयंसेवी मौजूद रहे।