सोमवार देर शाम को नेपाल मूल के व्यक्ति ने सतलुज नदी में कूदकर की आत्महत्या
पहले कूदा तो बच गया, बचाने के लिए पहुंचे पुलिस कर्मी तो पत्थर दिखाकर लगा डराने और फिर कूद गया
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में आत्महत्या का एक अजब मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम को नेपाल मूल के एक व्यक्ति ने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक व्यक्ति की पहचान नेपाल मूल के लाल सिंह के रूप में हुई है। वह रामपुर बाजार में लामा ढाबा में काम करता था। मंगलवार सुबह पुलिस ने उसका शव बरामद किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से पहले नेपाल मूल के व्यक्ति ने निर्वस्त्र होकर वीडियो बनाया और फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में वह उसने अपने बारे में बता रहा था। उसके बाद वह सतलुज नदी में कूद गया। हालांकि, कूदने के बाद वह नदी के किनारे लग गया और बच गया। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मी उसे बचाने के लिए आगे जाते, तो वह उन्हें पत्थरों से डराता। इस दौरान कई लोग इकट्ठे हो गए। आखिरकार उसने फिर नदी में छलांग लगा दी। उसके बाद उसका कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद के साथ व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के लिए महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में भेज दिया है। शव पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा न बताया कि पुलिस ने शव बरामद करके पोस्टमार्टम करने के लिए खनेरी अस्पताल में भेज दिया है। पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा