चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरांह में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू हुआ। इसका शुभारंभ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में कार्यरत सहायक निरीक्षक योगेश सिंराट ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह नेगी ने इस अवसर पर सेवा के उद्देश्यों, सिद्धांतों और दायित्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ललित हिमटा ने बताया कि शिविर अवधि में विभिन्न विषयों पर प्रेरक व्याख्यान और प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। शिविर में राज्य पुरस्कार से सम्मानित राय सिंह रावत, पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी स्वयंसेवकों के बीच मुख्य वक्ता और मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगे।