निरमंड स्कूल में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर के समापन अवसर पर मौजूद मुख्यातिथि और स्वयं सेवी।
स्वयं सेवियों ने सड़क सुधारीकरण के लिए किया श्रमदान
. निरमंड स्कूल में एनएसएस शिविर का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)।
पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड में 28 सितंबर से चल रहे एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस की उपाध्यक्ष अमला कश्यप पहुंचीं। राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के उपाध्यक्ष नीरत ब्राह्म्टा और कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कुल्लू नेहा ठाकुर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की। इसके बाद रेता मोड़ से पीएमश्री राजकीय माध्यमिक पाठशाला निरमंड तक सड़क सुधार के लिए स्वयंसेवियों ने श्रमदान किया और जगह-जगह पड़े गड्ढों को भरा। स्वयंसेवियों ने उत्साह के साथ श्रमदान कर स्वच्छता और समाजसेवा का संदेश दिया। समापन समारोह का शुभारंभ दीप वंदना, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबीता कश्यप और श्याम स्वरूप रांटा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित स्वच्छता अभियान, श्रमदान, जागरूकता कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यअतिथि अमला कश्यप ने स्वयंसेवियों को समाजसेवा, अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिविर के दौरान किए गए कार्यों की सराहना करते हुए स्वयंसेवियों को भविष्य में भी सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य और सक्रिय सहभागिता के लिए स्वयं सेवियों को विभिन्न श्रेणियों में मेडल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मुख्यअतिथि और विशेष अतिथियों ने शिविर के सफल आयोजन के लिए 7,100 रुपये की सहयोग राशि भेंट की। शिविर के दौरान स्वयं सेवियों ने स्वच्छता, श्रमदान, जागरूकता सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।