जन कल्याण समिति 15/20 ने मुख्यमंत्री से मिलकर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। निरमंड तहसील की नौ पंचायतों के प्रभावितों की जन कल्याण समिति 15/20 ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से रामपुर दौरे के दौरान मुलाकात की। समिति ने मुख्यमंत्री को प्रस्ताव सौंपकर रामपुर से जगातखाना होते हुए तुनन के लिए बस सेवा जल्द शुरू करने की मांग उठाई। साथ ही रामपुर जल विद्युत परियोजना से परियोजना प्रभावितों को विद्युत उत्पादन की एक प्रतिशत रॉयल्टी की मांग की।जन कल्याण समिति 15/20 के प्रधान चंदे राम की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से रामपुर से तुनन के लिए सायं काल बस चलाने की मांग रखी। समिति ने कहा कि इस मांग को पूर्व में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह से भी उठा चुके हैं, लेकिन बस सेवा अब तक शुरू नहीं हो पाई है। इस बस सेवा के शुरू होने से जगातखाना, तुनन, कशोली और साथ लगती पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को लाभ पहुंचेगा। साथ ही समिति ने रामपुर जल विद्युत परियोजना से प्रभावित पंचायतों को विद्युत उत्पादन की एक प्रतिशत राशि जल्द मुहैया करवाने की मांग उठाई। समिति ने कहा कि कई वर्षों से इस एक प्रतिशत राशि का भुगतान नहीं हो पाया है। प्रभावित पंचायतों के ग्रामीण लंबे समय से राशि मिलने की आस लगाए हुए हैं। इस मौके पर समिति के उप प्रधान तुलसू राम, सचिव परम राम, सह सचिव किरत राम, कोषाध्यक्ष यज्ञाराम, सदस्य सोहन लाल, बहादुर सिंह, विजय कुमार, सतीश कुमार, मान दास, मान सिंह, तिलक राज, हेम राज, कृष्ण लाल, पुने राम, दया राम, अश्वनी कुमार, राम सागर सहित अन्य मौजूद रहे।