44 स्वयंसेवी ले रहे भाग, मानवता की सेवा को बताया ईश्वर की सच्ची सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुभारंभ हुआ। शिविर में 44 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं, जिन्हें पांच समूहों में बांटकर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उपनिदेशक शिवराम ठाकुर मुख्य अतिथि रहे, जबकि शिक्षा खंड परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य जवाहर ठाकुर ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कुंदन शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भाव विकसित करने के साथ उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है।
शिवराम ठाकुर ने कहा कि मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और कर्मठता के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने, विद्यालय के आधुनिक संसाधनों का सदुपयोग करने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है। एनएसएस शिविर विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराने और जीवनोपयोगी अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, एनएसएस गान और पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए। राज्य स्तरीय एकल गान प्रतियोगिता के विजेता रोहित चौधरी ने मधुर प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, उपाध्यक्ष रीना ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और एसएमसी सदस्य उपस्थित रहे।