रोहड़ू। बहुमंजिला पार्किंग निर्माण कार्य में ठेकेदार की ओर से कोताही बरतने पर लोक निर्माण विभाग की सड़क को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ठेकेदार ने पार्किंग निर्माण के लिए अवैज्ञानिक ढंग से भूमि का कटाव किया। जिस कारण लोक निर्माण विभाग की सड़क को काफी क्षति पहुंची है। विभाग ने सड़क की डैमेज रिपोर्ट बना दी है। विभाग ने डैमेज रिपोर्ट के आधार पर नगर परिषद को नोटिस भी दिया है।
रोहड़ू के डीडी गाड़ में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण लंबे समय से प्रस्तावित है। पार्किंग निर्माण कार्य पीपी मोड पर निजी ठेकेदार को सौंपा गया है। ठेकेदार ने तीन वर्ष पूर्व अवैज्ञनिक ढंग से भूमि का कटाव मशीनों से किया। भूमि कटान के बाद मौके पर ठेकेदार ने डंगा भी नहीं लगाया। जिस कारण भूस्खलन हुआ। उपमंडल की एक दर्जन से अधिक पंचायतों व रामपुर क्षेत्र को रोहड़ू से जोड़ने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हुई। लोक निर्माण विभाग ने सड़क की 80 लाख रुपये की डैमेज रिपोर्ट तैयार की है। तथा नगर परिषद रोहड़ू को नोटिस भेजकर 80 लाख रुपये के डैमेज की क्षतिपूर्ति के लिए कहा है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नरेंद्र नायक ने बताया कि 80 लाख रुपये की डैमेज रिपोर्ट बनाई गई है। इस मामले में नगर परिषद को विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया है।
नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष राधेश्याम ने माना कि लोक निर्माण विभाग की ओर से परिषद को नोटिस मिला है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कहा गया है।