वाहनों की संख्या के आगे छोटी पड़ी रिकांगपिओ की पार्किंग
जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में पर्याप्त नहीं पार्किंग, सड़क पर खड़े करने पड़ रहे वाहन बाहर से मुख्यालय आने वाले लोगों को करनी पड़ती है पार्किंग के लिए जद्दोजहद
बीरबल नेगी रिकांगपिओ/सांगला(किन्नौर)।। जनजातीय जिला किन्नौर के मुख्यालय रिकांगपिओ में ट्रैफिक की समस्या इतनी बढ़ गई है कि वाहनों को पास लेना मुश्किल हो रहा है। तंग सड़क पर वाहनों को पास लेने के लिए जगह नहीं बचती है, जिससे राहगीरों को वाहन की टक्कर लगने का खतरा रहता है। इससे हादसे का भी खतरा बना रहता है। हालांकि, जिला मुख्यालय में नवनिर्मित पार्किंग का लाभ भी लोगों को दिया जा रहा है, लेकिन वाहनों के भारी दबाव के आगे छोटी पड़ गई है। लोगों को अपने वाहन नो पार्किंग जोन या सड़क के किनारे में खड़े करने पड़ते हैं। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। लोग भी सड़कों पर चलने से डरते हैं। सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों से लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। इन दिनों ये हालात हैं कि जिला मुख्यालय के खवांगी से लेकर क्षेत्रीय अस्पताल के मोड़ तक सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले वाहन चालकों को पार्किंग के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। प्रशासन और पुलिस ने रिकांगपिओ यूको बैंक के पास इंदिरा मार्केट, पुराने जिला परिषद भवन, रिकांगपिओ टैक्सी स्टैंड, पुराने पेट्रोल पंप और शुदारंग संपर्क सड़क के पास कुछ जगहों को चयनित कर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने की पहल की है, लेकिन वाहनों की भारी संख्या के सामने ये स्थल भी पर्याप्त नहीं हैं। कल्पा, निचार और पूह तीनों खंडों की 73 पंचायतों से हजारों लोगों का रोजाना मुख्यालय में सरकारी और गैर सरकारी कार्यों को लेकर आना-जाना रहता है। इन लोगों को पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ता है। संवाद
पांच से 2,032 वाहन पंजीकृत, पार्किंग सिर्फ 200 के लिए
क्षेत्रीय लाइसेंस प्राधिकरण कल्पा में पांच साल में 2,032 वाहन पंजीकृत हुए हैं, लेकिन पार्किंग सिर्फ 200 के लिए बन पाई है। साल-दर-साल पंजीकृत होने वाले वाहनों की संख्या भी बढ़ रही है। साल 2021 में 312 वाहन, 2022 में 361 वाहन, साल 2023 में 405 वाहन, साल 2024 में 475 वाहन और साल 2025 में 479 वाहन पंजीकृत हो चुके हैं। रिकांगपिओ में पिछले साल 200 वाहनों की पार्किंग शुरू हुई। लोगों को राहत भी मिली, लेकिन वह समस्या को खत्म नहीं कर पाई है। रिकांगपिओ में एक और पार्किंग बनाई जा रही है, लेकिन उसका अभी निर्माण कार्य चला हुआ है।
विज्ञापन
जनप्रतिनिधियों की मांग-जल्द बने पार्किंग
पूह के जिला परिषद सदस्य शांता कुमार नेगी,, कोठी पंचायत के प्रधान ओम प्रकाश नेगी, शुदारंग के प्रधान दलीप नेगी, ख्वांगी की प्रधान सत्या देवी नेगी, कल्पा की प्रधान सरिता नेगी, दुन्नी के प्रधान दीवान नेगी, पांगी कालजांग के प्रधान मनी नेगी, जिला परिषद सदस्य कल्पा वार्ड सरिता कुसान, कोठी के उप प्रधान महेश नेगी, कल्पा के उप प्रधान राजेश नेगी और पांगी के उपप्रधान संजीव नेगी ने जिला प्रशासन और सरकार से समय के रहते रिकांगपिओ के रामलीला मैदान में निर्माणाधीन मल्टी पार्किंग के कार्य को जल्द पूरा करने की मांग उठाई है, ताकि इस पार्किंग का लाभ लोगों को मिल सके। जिला मुख्यालय में रोजाना लोगों की आवाजाही रहती है। यहां ट्रैफिक व्यवस्था से लोग रोजाना दिक्कत झेलते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
पार्किंग व्यवस्था का स्थायी बंदोबस्त करने के लिए साडा के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि जिले के लोगों को असुविधाएं न हों। डॉ. अमित कुमार शर्मा, उपायुक्त, किन्नौर