फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: जिला में एक भी व्यक्ति ने नहीं की स्व गणना, 31 अंतिम तिथि

विज्ञापन
विज्ञापन
. जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना के माध्यम से जनगणना में भागीदारी की अपील
विज्ञापन


. आधिकारिक पोर्टल पर आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं लोग

संवाद न्यूज एजेंसी

रामपुर बुशहर।
जनगणना- 2027 के तहत रामपुर उपमंडल में 17 से 31 अगस्त तक स्वगणना अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को सरकार की ओर से निर्धारित पोर्टल पर जाकर सभी प्रकार की जानकारी साझा करनी होगी। हैरानी की बात है कि अभियान शुरू होने के 10 दिन बाद भी जिला शिमला में एक भी व्यक्ति ने स्वगणना नहीं करवाई है। उपमंडल प्रशासन रामपुर ने लोगों से इस अभियान को सफल बनाने और स्वगणना करने का आह्वान किया है। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने उपमंडल के सभी नागरिकों से जनगणना-2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत स्वगणना के माध्यम से अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने के लिए 31 अगस्त तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। स्वगणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल http://se-snowbound.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी की ओर से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद अपना राज्य, जिला एवं स्थानीय विवरण चुनकर डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिह्नित करना होगा और परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। उन्होंने बताया कि स्वगणना पूर्ण करने के उपरांत प्रत्येक परिवार को एक स्वगणना पहचान संख्या प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। जनगणना कर्मी के घर पर आने के समय यह पहचान संख्या साझा करनी होगी ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिकों के समय की बचत होने के साथ-साथ उनके द्वारा स्वयं दी गई जानकारी अधिक सटीक रूप से दर्ज की जा सकेगी और आंकड़ों का त्वरित प्रसंस्करण संभव होगा। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित अवधि के भीतर स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई नागरिक स्वगणना नहीं कर पाता है, तो उसे चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। 1 से 30 सितंबर के बीच जनगणना कर्मी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और अपने परिवार से संबंधित जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध करवाने की अपील की। इस संबंध में जनगणना हेल्पलाइन 1855 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें