करसोग (मंडी)। नगर पंचायत करसोग के वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन शनिवार को 10 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्धारित समयावधि में सात वार्डों के लिए कुल 17 उम्मीदवारों ने नामांकन किया, जबकि वार्ड नंबर 7 से कोई भी नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बताया कि 2 मई को दोपहर बाद 3 बजे तक विभिन्न वार्डों से 10 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। वार्ड एक से सैना देवी तथा वार्ड दो से रमेश ने नामांकन पत्र भरे। वार्ड तीन से बंसी लाल और यादवेंद्र शर्मा ने नामांकन किया, जबकि चार से युविंद्र कुमार, सुभाष चंद और हरीश कुमार ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। वार्ड पांच से पूनम गुप्ता और लक्ष्मी देवी ने नामांकन भरा, वहीं वार्ड छह से किशोर कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया।