बारिश और अंधड़ के दौरान कई बार गिर चुके पेड़, डर के साए में पढ़ने को मजबूर बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू )। उपमंडल चौपाल के नोहरा मधोना प्राइमरी स्कूल में छोटे बच्चे डर के साए में पढ़ने को मजबूर हैं। स्कूल के चारों ओर बड़े-बड़े पेड़ लटके हुए हैं, जिससे हादसे का अंदेशा है। रविवार को अंधड़ से स्कूल परिसर में तीन पेड़ गिर गए। गनीमत रही कि स्कूल में छुट्टी थी। बारिश और अंधड़ के दौरान स्कूल भवन पर पेड़ गिरने का खतरा रहता है। इस कारण बारिश के दौरान स्कूल में छुट्टी करनी पड़ती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के इर्द-गिर्द पेड़ों को हटाया जाए। विद्यालय के अध्यापक रमेश शर्मा का कहना है कि यहां पर पेड़ गिरने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इससे स्कूल की छत और दो कमरे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिसका कार्य अभी भी चल रहा है। स्कूल के चारों ओर कई ऐसे पेड़ हैं, जो कभी भी स्कूल के ऊपर गिर सकते हैं। वह कई बार इस बारे में लिखित रूप से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने विभाग और प्रशासन से मांग की है कि कोई उचित समाधान निकाला जाए।