नोगली स्कूल में आयोजित बाल मेले में छात्रों ने दिखाए प्रतिभा के जौहर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला नोगली में बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में केंद्र पाठशाला के अधीनस्थ पाठशाला के बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और प्रतिभा के खूब जौहर दिखाए।
समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य पुष्पा नंद गुप्ता बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। वहीं प्रवक्ता नारायण लक्टू और केंद्र मुख्य शिक्षक शेर सिंह नेगी विशेष अतिथि मौजूद रहे। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। लोकनृत्य में नोगली स्कूल ने पहले स्थान पर बाजी मारी। वहीं, कुमसू-1 ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी में कुमसू-2 ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं नाल्टीनाल स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा समूहगान में नोगली स्कूल ने पहला, कुमसू-1 ने दूसरा स्थान, एकलगान में राजकीय प्राथमिक पाठशाला बतूना की रावी ने पहला स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में नोगली स्कूल की अंजना ने पहला, कुमसू-1 स्कूल की आरूही ने दूसरा स्थान पाया। कुर्सी दौड़ में कुमसू-2 की शिवन्या ने पहला और नाल्टीनाल स्कूल की आन्या ने दूसरा स्थान हासिल किया। चित्रकला में राजकीय प्राथमिक पाठशाला बतूना की रावी ने पहला और राजकीय प्राथमिक पाठशाला नोगली की आशु ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्यातिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर नवाजा और उनकी हौसला अफजाई की।