संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जिला स्तरीय तीन दिवसीय नोगली मेला मंगलवार को ढोल-नगाड़ों और वाद्ययंत्रों की धुनों के साथ शुरू हुआ। हर साल की भांति इस साल भी देवी-देवताओं के आगमन के साथ नोगली मेले का शुभारंभ किया गया। आराध्य देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण की अगुआई में आयोजित तीन दिवसीय नोगली मेले में काफी संख्या में लोगों ने देवी-देवताओं से आशीर्वाद लिया और मेले में खरीदारी की। इस तीन दिवसीय नोगली मेले में देवता साहिब लक्ष्मी नारायण काशापाट, खंटू महाराज सेरी मझाली, यज्ञेश्वर महाराज शिंगला, देवता साहिब जाहरूनाग शनेरी और बाड़ी देवी ने शिरकत कर मेले की शोभा को बढ़ाया। पहले दिन हजारों लोगों ने देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। तीन दिन तक नोगली में ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीण नाटी लगाएंगे। इस मेले के दौरान महिला मंडलों की महानाटी और रस्साकशी स्पर्धा आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेले के लिए व्यापारी भी पहुंचने शुरू हो गए हैं।
16 महिला मंडलों को निमंत्रण
जिला स्तरीय नोगली मेला कमेटी अध्यक्ष कृष्ण गोपाल ने बताया कि मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले में पहली बार कमेटी ने क्षेत्र की 16 महिला मंडलों को निमत्रंण दिया है। मेले में महानाटी और रस्साकशी स्पर्धा भी होगी। देवी-देवताओं के आगमन से मंगलवार से मेला शुरू हो गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की घटना न हो।
दिनभर नाटियों का दौर चला।
जिला स्तरीय मेले के पहले दिन हजारों लोगों ने शिरकत की और मेले का लुत्फ उठाया। नोगली में ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग खूब झूमे। मेले में वाद्ययंत्रों की धुनों पर दिनभर नाटियों का दौर चला। आराध्य देवता नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू की अगुआई में आयोजित मेले में देव आस्था में लीन होकर देवलू और अन्य लोग नाचते-गाते दिखे। मेला मैदान में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और पुरुषों ने नाटी डाली। देवता संग देवलू और अन्य श्रद्धालु नोगली में एनएच पांच से होकर नाचते-गाते हुए मेला मैदान पहुंचे। वहीं, देवताओं संग कार करिंदों ने भी वाद्ययंत्रों की धुनों के साथ जमकर नृत्य किया। नोगली मेले में दूर दूर से हजारों लोग पहुंचे और मेले का आनंद लिया। मेले के दौरान लोगों ने देवताओं के समक्ष माथा टेककर सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।