टीम ने किया दौरा, निचार खंड की पहली पंचायत का किया चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। पूनंग को निचार खंड की पहली तंबाकू मुक्त पंचायत चयनित किया गया है। जिले के भावानगर अस्पताल से डॉ. मयंक शर्मा की उपस्थिति में हेल्थ सुपरवाइजर निर्मला नेगी, हेल्थ सुपरवाइजर विनय नेगी की टीम ने पूनंग पंचायत का दौरा किया। इस दौरान पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानों और गली-मोहल्ले में बीड़ी-सिगरेट के टुकड़े नहीं मिले। शिक्षण संस्थानों की 100 गज की दूरी पर बीड़ी-सिगरेट की विक्रेता स्थल भी नहीं पाए गए। शिक्षण संस्थानों के बाहर सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान बिक्री न होने, शिक्षण संस्थानों में विशिष्ट स्थानों पर तंबाकू मुक्त क्षेत्र का बोर्ड लगा होने और उसमें संस्थान के नोडल अधिकारी का फोन नंबर लिखा होने, शिक्षण संस्थानों में उपयुक्त स्थान पर तंबाकू से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी वाले पोस्टर लगे हुए पाए गए। शिक्षण संस्थान में छह माह में एक बार तंबाकू नियंत्रण पर आयोजित होने वाले रैली, भाषण, पेंटिंग प्रतियोगिता की औपचारिकताएं पूरी होने सहित कई अन्य नियमों की सही जांच पड़ताल के बाद जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के निचार खंड की पूनंग पंचायत को पहली तंबाकू मुक्त पंचायत चयनित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. आरके नेगी ने बताया कि इस तरह से जिले की कई अन्य ग्राम पंचायतों को भी तंबाकू मुक्त पंचायत के अंतर्गत लाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान पूनंग पूर्ण भक्ति नेगी, उप प्रधान वीरेंद्र नेगी सहित पंचायत के अन्य सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।