ठियोग के बासा ठियोग स्थित पानी के भंडारण टैंक से पानी चोरी करने के बाद जलशक्ति विभाग टैंक पर त
पेयजल टैंक के पास जरूरी उपकरण और तालाबंदी करने में जुटा विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। बासा ठियोग स्थित पानी के भंडारण टैंक से पानी चोरी करने वाले शातिरों का पुलिस को अभी तक सुराग नहीं लगा है। हालांकि, पुलिस आसपास इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन टैंक से काफी दूरी पर सीसीटीवी लगे होने के कारण पुलिस को मुश्किलें पेश आ रही हैं। जल शक्ति विभाग के इस टैंक के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं है। इस कारण शातिरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। वहीं, विभाग की ओर से टैंक से पानी निकासी के लिए इस्तेमाल होने वाली चाबियों को बदला जा रहा है। इसके अलावा विभाग चाबियों की सुरक्षा करने वाले लोहे की जालियों से बने बॉक्स पर नए ताले और अन्य उपकरण भी लगाए जा रहे हैं। इन दिनों क्षेत्र में तापमान बढ़ने के साथ पेयजल की कमी की समस्या बढ़ रही है। किसान अपने खेतों में लगाई गई मटर और गोभी की फसल की सिंचाई को लेकर भी पानी की कमी की समस्या से जूझ रहे हैं। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस टैंक के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी वाली जगह और टैंकों के बीच दूरी काफी होने के कारण समय लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल शक्ति विभाग के एसडीओ एमए शेख ने बताया कि टैंक के पास जरूरी उपकरण व तालाबंदी की जा रही है। टैंक पर सीसीटीवी लगाए जाने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। इस घटना के कारण जिन वार्डों में पानी की सप्लाई बाधित हुई थी, उन्हीं वार्डों को आज पानी सप्लाई किया गया है।