नित्थर के दुराह में दो दिवसीय मेले में तांदी नाग ने की शिरकत
- फोटो : RAMPUR-HP
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर की ग्राम पंचायत दुराह में पजाई मेले का आयोजन सूक्ष्म रूप से किया गया। यह मेला सावन मास में मनाया जाता है। दुराह गांव में माता भुनेश्वरी माता के प्रांगण के बीचोंबीच सजने वाला यह मेला सैकड़ों वर्षों से मनाया जाता है। इसमें माता के रथ को सजाकर मंदिर के प्रांगण में निकालकर मेले की शोभा में चार चांद लगा देते हैं।
स्थानीय लोग माता के प्रांगण में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ लोकगीत गाकर नाटी का आनंद लेते हैं। कोरोना की वजह से इस बार मेले का सूक्ष्म रूप से आयोजन किया गया। इस बार भ्रमण पर निकले तांदी नाग देवता साहिब ने भी मेले में शिरकत की। लोगों ने माता भुनेश्वरी के साथ तांदी नाग के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान माता के मंदिर के कारकूनों ने परंपरा का निर्वहन किया।