तीन जुलाई को नित्थर स्कूल में धूमधाम से मनाया जाएगा शहीदी दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। शहीद डोला राम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नित्थर में तीन जुलाई को कारगिल योद्धा अमर शहीद डोला राम की याद में शहीदी दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मंगलवार को बैठक का आयोजन किया गया और रूपरेखा तैयार की गई। प्रधानाचार्य धर्मपाल की अध्यक्षता में शहीद कल्याण ग्रुप की बैठक संपन्न हुई। प्रधानाचार्य धर्मपाल ने कहा कि शहीदी दिवस इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा। जिला कुल्लू के एक मात्र शहीद डोला राम हैं, जिन्होंने हमारे देश की खातिर अपनी जान की बाजी लगा दी और उनको श्रद्धांजलि देने का मौका हमें मिला है, जो हमारे लिए सौभाग्य की बात है। बैठक में नित्थर पंचायत के प्रधान जगदीश ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष चंद्रपाल शर्मा, कांग्रेस जोनल अध्यक्ष नित्थर प्रवीण कुमार, जितेंद्र ठाकुर, पूर्व सैनिक प्रेम सिंह ठाकुर, बेली राम, हीरा सिंह कटोच, जयसुख और प्रदीप रंगून सहित कई अन्य मौजूद रहे।