59 वार्ड पंच भी निर्विरोध चुने गए
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल-स्पीति)। उपमंडल स्पीति में नौ पंचायतें और 11 पंचायत समिति सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी काजा शिखा सिमतिया ने बताया कि ग्रामीणों ने लोकतंत्र और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की है। आपसी सहमति और भाईचारे के साथ पंचायत प्रतिनिधियों का चयन निर्विरोध किया गया है। इसमें नौ पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। निर्विरोध चुनी गईं पंचायतों में लोसर, हल, लांग्ज़ा, डेमुल, लारा, ढंकर, लालुंग, ताबो और गिउ पंचायत शामिल हैं। इसके अलावा 11 पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्यों का चयन भी सर्वसम्मति से किया गया है और 59 वार्ड पंच भी निर्विरोध चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रमानुसार आगामी 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव संपन्न करवाए जाएंगे। ग्राम पंचायत के मतों की गिनती संबंधित ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों में मतदान के उपरांत करवाई जाएगी, जबकि पंचायत समितियों और जिला परिषद के मतों की मतगणना 31 मई को ब्लॉक मुख्यालय पर होगी।