भारत-तिब्बत सीमा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-पांच पर कई जगह कब्जे
विज्ञापन
एनएचएआई ज्यूरी से लेकर झाकड़ी तक यह अभियान चलाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। भारत-तिब्बत सीमा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-पांच पर कई जगह अतिक्रमण और अवैध कब्जे हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रामपुर उपमंडल में अतिक्रमण पर विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। इन दिनों एनएच-पांच पर हुए अतिक्रमण की पहचान की जा रही है। सोमवार को अभियान के तहत ज्यूरी से झाकड़ी तक एनएच पर हुए अतिक्रमण की जांच हुई। जांच के दौरान रतनपुर से गसो तक एनएच पर 15 अवैध कब्जे पाए गए। संयुक्त विभागीय टीम ने रतनपुर से गसो तक नेशनल हाईवे पर अवैध कब्जाधारकों की निशानदेही की और कब्जों को हटाने के नोटिस दिए। एनएचएआई ज्यूरी से लेकर झाकड़ी तक यह अभियान चलाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सभी को नोटिस थमाकर एक सप्ताह में कब्जा हटाने के निर्देश दिए हैं। नेशनल हाईवे-पांच में ज्यूरी उपमंडल के अंतर्गत एनएचएआई, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम की ओर से अतिक्रमण निरीक्षण एवं सीमांकन अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में अभियान के तहत अवैध कब्जों की पहचान और नोटिस थमाने की प्रक्रिया चल रही है। कब्जाधारकों को एनएचएआई की ओर से एक सप्ताह का नोटिस दिया जा रहा है। यदि एक सप्ताह में कब्जा नहीं हटाया जाता है, तो एनएचएआई स्वयं कब्जों को हटाएगी और इसका पूरा खर्च भी कब्जाधारकों से वसूला जाएगा। एनएच पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त टीम में कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र पॉल शर्मा, कानूनगो लोक राज सहित झाकड़ी पुलिस के जवान भी शामिल रहे।
सोमवार को संयुक्त टीम ने रतनपुर से अवैध कब्जाधारकों की चिह्नित किया और 15 लोगों को नोटिस भी दिए गए हैं। उपमंडल में एनएच-पांच पर यह कार्रवाई अभी जारी रहेगी। - करतार शर्मा, सहायक अभियंता, एनएचएआई ज्यूरी
ज्यूरी से झाकड़ी के बीच शुरू हुई अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई। संवाद