सीमा कॉलेज में उद्यमिता को लेकर कार्यशाला आयोजित। स्रोत : कॉलेज प्रबंधन
रोहड़ू।
राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में प्री-ग्रामीण इन्क्यूबेशन केंद्र की ओर से द्वितीय जिला स्तरीय सेंसिटाइजेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन आरएएमपी योजना के तहत हिमाचल प्रदेश उद्यमिता विकास केंद्र (एचपीसीईडी), उद्योग विभाग के सहयोग से द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी पांवटा साहिब की ओर से किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार और सूक्ष्म व लघु उद्योग के बारे में बताया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों, कौशल और नए विचारों के आधार पर व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रोफेसर एवं आरएएमपी के नोडल अधिकारी डॉ. उमेश नारटा, डॉ. रवि प्रकाश, प्रो. प्रमिला कैथ, प्रो. दिव्यांशी शर्मा और अभियंता दीपक नेगी सहित अन्य प्राध्यापक व कर्मचारी मौजूद रहे। द प्लैनेट एजुकेशन सोसाइटी की ओर से सहायक प्रबंधक हर्ष कुमार, सचिव माम राज सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यशाला में 90 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।