सफल रही पानी की जांच, सातों वार्डों में शुरू हुई जलापूर्ति . पुराने फिल्टर सिस्टम की सफाई और मरम्मत में लगेंगे करीब 20 दिन . खड्ड में अपशिष्ट पदार्थ मिलने से प्रभावित हुआ था पुराना फिल्टर सिस्टम संवाद न्यूज एजेंसी ठियोग (रामपुर बुशहर)। गिरि खड्ड में एचपीएमसी पराला की ओर से कथित तौर पर सेब अपशिष्ट पदार्थ छोड़े जाने से पैदा हुए पेयजल संकट के बीच अमृत-2 पेयजल योजना का नया ट्रीटमेंट प्लांट ठियोग के लोगों के लिए संजीवनी साबित हुआ है। नए प्लांट से पानी की आपूर्ति से पहले की गई जांच सफल रही और पानी की गुणवत्ता की रिपोर्ट उत्कृष्ट पाई गई। इसके बाद बुधवार को इसी प्लांट के माध्यम से नगर परिषद ठियोग के सातों वार्डों में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई। यदि अमृत-2 योजना का वैकल्पिक ट्रीटमेंट प्लांट उपलब्ध नहीं होता, तो पुराने फिल्टर सिस्टम की मरम्मत के दौरान शहरवासियों को करीब 20 दिनों तक पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता था। गिरि खड्ड में एचपीएमसी पराला से आए अपशिष्ट पदार्थों के कारण जल शक्ति विभाग का पुराना फिल्टर सिस्टम प्रभावित हुआ है। विभाग के पुराने ट्रीटमेंट प्लांट में छह से सात फिल्टर टैंक हैं, जिन्हें खाली कर उनकी सफाई और मरम्मत करनी होगी। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 20 दिन लग सकते हैं। पुराना प्लांट स्लो सैंड फिल्टर प्रणाली पर आधारित है, जबकि अमृत-2 योजना के नए ट्रीटमेंट प्लांट में रैपिड सैंड फिल्टर और ट्यूब सेटलर प्रणाली स्थापित की गई है। इसी आधुनिक व्यवस्था के माध्यम से पानी का शोधन कर शहर में आपूर्ति की जा रही है। नए प्लांट का समय पर तैयार होना ठियोग के लिए बड़ी राहत बना है। इसके अलावा इस व्यवस्था का लाभ बरसात के दौरान भी मिलेगा। गिरि खड्ड में गाद की मात्रा बढ़ने से पुराने प्लांट की कार्यप्रणाली प्रभावित होती थी, लेकिन रैपिड सैंड फिल्टर और ट्यूब सेटलर तकनीक से मटमैले पानी का शोधन बेहतर ढंग से किया जा सकेगा। इससे भविष्य में भी ऐसी परिस्थितियों में पेयजल आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों ने फिर खड्ड में अपशिष्ट डालने का लगाया आरोप
इस बीच ग्रामीणों ने एक बार फिर गिरि खड्ड में अपशिष्ट पदार्थ फेंके जाने की शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि दो दिन पहले रात के समय एचपीएमसी की ओर से बचे हुए अपशिष्ट पदार्थ खड्ड में डाले गए। लोगों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए आशंका जताई कि ऐसा पुलिस में दर्ज एफआईआर की जांच और कार्रवाई को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया जा सकता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एचपीएमसी से जुड़े घटनाक्रम के कारण जल शक्ति विभाग को कम से कम 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अमृत-2 पेयजल योजना के नए ट्रीटमेंट प्लांट के पानी की जांच सफल रही है और रिपोर्ट उत्कृष्ट आई है। पुराने ट्रीटमेंट प्लांट को दोबारा दुरुस्त करने में करीब 20 दिन लग सकते हैं। इसके लिए छह से सात फिल्टर टैंकों को खाली कर उनकी सफाई और मरम्मत करनी होगी। - एमए शेख, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग मतियाना मंडल