एक लाइनमैन के हवाले 20 से 25 गांवों का जिम्मा
स्टाफ, खंभों और सामान की कमी से जूझ रहा बोर्ड
राजेंद्र ठाकुर
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। उपमंडल रामपुर की ननखड़ी तहसील में हजारों विद्युत उपभोक्ता स्टाफ की कमी के चलते समस्याएं झेल रहे हैं। स्टाफ की कमी के कारण एक लाइनमैन के हवाले 20 से 25 गांव का जिम्मा है।
ऐसे में विद्युत बाधित होने पर बहाल होने में काफी समय लग जाता है। यही नहीं नए विद्युत उपभोक्ताओं को खंभे और तार की कमी से भी जूझना पड़ रहा है। नए मीटर लगाने वाले उपभोक्ताओं को बीते कई वर्षों से खंभे और तार की व्यवस्था नहीं हो पाई है। ऐसे में विद्युत उपभोक्ता दिक्कतें झेलने को मजबूर हैं।
गौरतलब है कि ननखड़ी तहसील में बीते कई वर्षों से विद्युत बोर्ड स्टाफ और सामान की कमी से जूझ रहा है। आलम यह है कि बीते दो वर्ष से क्षेत्र में न तो नए खंभे लग पा रहे हैं और न ही मीटर लगाने के लिए तार की उपलब्धता है। यही नहीं तहसील की 18 पंचायतों के विद्युत उपभोक्ता बिजली संबंधी समस्याएं झेल रहे हैं। आलम यह है कि 15-15 ट्रांसफार्मर का जिम्मा एक-एक लाइनमैन संभाले हुए है। ऐसे में एक लाइनमैन पर 20 से 25 गांव की विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने की जिम्मेवारी है। ऐसे में बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति करना और लाइनों को दुरुस्त करना बोर्ड कर्मियों के लिए चुनौतियों भरा बना रहता है।
करांगला पंचायत के प्रधान निशा भगेट, अड्डू पंचायत प्रधान पिंकू खूंद, प्रधान खमाडी शरद वर्मा, उप प्रधान खोलीघाट टेकचंद राजटा सहित विद्युत उपभोक्ता डेनी, देवी सिंह, रोशन लाला, संतोष कुमार, हरदयाल सिंह, कर्म सिंह, राजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार और विद्युत बोर्ड की नाकामी के चलते हजारों लोग विद्युत संबंधी समस्याएं झेल रहे हैं। न तो बोर्ड में रिक्त स्टाफ के पद भरे जा रहे हैं और न ही नए मीटरों के लिए पोल और तार। उन्होंने प्रदेश सरकार और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से जल्द से जल्द कर्मचारियों के रिक्त पद भरने और अन्य मूलभूत सामान उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि लोगों को परेशानियां न हो।
विद्युत बोर्ड रामपुर सर्किल प्रभारी एक्सईएन टाशी नेगी ने बताया किा स्टाफ की कमी को लेकर बोर्ड प्रबंधन को सूचित किया गया है, जल्द ही स्टाफ की कमी दूर की जाएगी। पोल और तार भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।