बेहतर शिक्षा के लिए अब विद्यार्थियों को निजी स्कूलों और दूरदराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा(रोहड़ू)। वीर चक्र शहीद श्याम सिंह भिख्टा राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरवा को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से अधिकारिक संबद्धता प्राप्त हो गई है। प्रधानाचार्य दिनेश स्टेटा के प्रयासों से यह सफलता प्राप्त हुई है। दिनेश स्टेटा ने कहा कि विद्यालय को सीबीएसई से मान्यता मिलना नेरवा के विद्यार्थियों के लिए लाभदायक होगा। यह पहल स्थानीय शिक्षा प्रणाली को मजबूत करेगी। साथ ही चार मुख्य आयामों में क्षेत्रीय उत्थान का आधार बनेगी। इससे सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि नेरवा और आसपास के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अब गुणवत्तापूर्ण सीबीएसई आधारित शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरदराज के शहरों या महंगे निजी स्कूलों में नहीं जाना पड़ेगा। विद्यार्थियों काे अपने परिचित, सुरक्षित वातावरण में ही राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मिलेगी, जिससे उनके परिवारों का आर्थिक बोझ भी कम होगा। विद्यालय राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम और कठोर शिक्षण मानकों को अपनाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक मजबूत शैक्षणिक नींव मिलेगी। छात्र अधिक आत्म-विश्वास के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में उतरने के लिए तैयार होंगे। शहीद श्याम सिंह भिख्टा विद्यालय अब शिक्षा के एक केंद्र के रूप में उभरेगा, जिससे स्थानीय अभिभावकों का सरकारी शिक्षा प्रणाली में विश्वास और भी मजबूत होगा।