कॉलेज ने बेसकॉफ फाउंडेशन के साथ किया समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने बेसकॉफ फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसके माध्यम से महाविद्यालय के विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी, फ्यूचर स्किल्स, अकाउंटिंग एंड फाइनेंस, हॉस्पिटैलिटी और टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर प्राप्त होंगे। बेसकॉफ फाउंडेशन के संस्थापक पुनीत झामटा ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी में वेब डिजाइनिंग, क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर बेसिक से एडवांस स्तर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन क्षेत्र में होटल मैनेजमेंट से संबंधित कोर्सेज शुरू करने पर भी सहमति बनी है। प्रत्येक पाठ्यक्रम हाइब्रिड (ऑफलाइन एवं ऑनलाइन) मोड में संचालित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को सीखने में अधिक लचीलापन प्राप्त होगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरबंस लाल शर्मा ने इस पहल को विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर बेसकॉफ फाउंडेशन के सह संस्थापक रोहित सुनवान , बोर्ड सदस्य मोहन रांटा, प्रो बलबीर सागर, प्रो. नरेंद्र नेगी, प्रो. विकास सुमन, अधीक्षक मदन गोपाल आदि उपस्थित रहे।