सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की बटसेरी पंचायत के बुजलंग कंडे में नेपाली मूल के एक व्यक्ति की ढांक से गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार बटसेरी पंचायत के बुजलंग कंडे में नर बहादुर (48) अपनी खच्चरों के लिए घास काटने गया था। इस दौरान अचानक पैर फिसलने से वह करीब 200 फीट नीचे बुजलंग नाले में जा गिरा। वह मंगलवार दोपहर को घास काटने के लिए गया था और देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके भाई टेक बहादुर, जनक बहादुर और बल बहादुर थापा उसे ढूंढने बुजलंग कंडे निकले।
यहां पहुंचने पर करीब एक बजे उन्होंने उसे ढांक से नीचे गिरा हुआ पाया। उन्होंने मृतक को सेरिंगचे तक पहुंचाया। इसकी जानकारी उन्होंने पंचायत प्रधान प्रदीप नेगी को दी। प्रधान ने पुलिस थाना सांगला को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी विजेंद्र और आरक्षी साहिल की टीम घटनास्थल पहुंचे और मृतक को पोस्टमार्टम के लिए बुधवार सुबह सीएचसी सांगला पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
डीएसपी किन्नौर नवीन जाल्टा ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में छानबीन कर रही है।