पीएम श्री आनी के विद्यार्थियों ने प्रदूषण रोकथाम दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश। संवाद
रचनात्मक गतिविधियों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में राष्ट्रीय प्रदूषण रोकथाम दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में स्कूल के हेल्थ केयर विषय और ईको क्लब के स्वयंसेवियों ने रचनात्मक गतिविधियों से जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण के दुष्परिणाम और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर आधारित पेंटिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समाज को प्रदूषण से मुक्त और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संदेश दिया। प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत रचनात्मक कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि आज के समय में प्रदूषण रोकथाम सबसे महत्वपूर्ण चुनौती है। विद्यार्थी समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विकास करते हैं। कार्यक्रम का संयोजक ईको क्लब प्रभारी प्रवक्ता सीमा ठाकुर ने विद्यार्थियों को प्रदूषण के प्रकार, उसके मानव शरीर पर प्रभाव और इसकी रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम सह संयोजक वोकेशनल ट्रेनर यामिनी शर्मा ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण स्वस्थ जीवन की मूल आवश्यकता है। विद्यार्थी यदि इस दिशा में जागरूक होंगे, तो समाज में सकारात्मक बदलाव निश्चित रूप से संभव है। विद्यार्थियों ने प्रदूषण नियंत्रण पर चित्रकला और नारा लेखन की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्रवक्ता श्यामानंद ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ऐसी जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया।