कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा में मंगलवार नशे के दुष्प्रभाव पर जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन सुमित सिंघा मेमोरियल चैरिटेबल सोसायटी ने किया। शिविर में एसडीएम मुकेश शर्मा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इसके अलावा ओम प्रकाश शर्मा और बीडीओ नारकंडा अरविंद सिंह गुलेरिया विशेष अतिथि उपस्थित रहे। शिविर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव बताए। मुख्य अतिथि ने कहा कि आज के समय में युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देना अत्यंत आवश्यक हो गया है। युवाओं में नशे की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। समस्या से निपटने के लिए केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सार्थक बनाएं। उन्होंने सोसायटी की इस पहल की सराहना की।