विधायक नंद लाल के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने उनके सम्मान में राजकीय अंतिम संस्कार करवाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने उपायुक्त शिमला को पत्र जारी कर अंतिम संस्कार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि बुधवार को विधायक नंद लाल को अंतिम विदाई दी जाएगी। सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार पुलिस अधीक्षक शिमला, रामपुर के उपमंडलाधिकारी नागरिक और जिला नाजिर सहित संबंधित अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को अंतिम संस्कार के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा गया है।
प्रदेश सरकार के इस निर्णय के तहत दिवंगत विधायक नंद लाल का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न करवाया जाएगा। वहीं दिवंगत विधायक नंदलाल की पार्थिव देह मंगलवार दोपहर बाद रामपुर परिधि गृह पहुंची। वहां पर कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारी, भाजपा नेताओं और लोगों ने नंदलाल को श्रद्धाजंलि दी। परिधि गृह में श्रद्धाजंलि देने के बाद उनके शव को पैतृक गांव देवठी ले जाया गया। नंदलाल का बुधवार दोपहर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।