रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में एक साथ कई लोगों के कोरोना संक्रमित होने के बाद शहर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। नप क्षेत्र के चार वार्डों में धारा 144 लागू की गई है और शहर आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में नगर परिषद ने भी कागजी कार्रवाई के लिए नप कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के लिए बॉक्स स्थापित किया है। इस बॉक्स में लोग अपने कामों से संबंधित दस्तावेज डालेंगे। नगर परिषद 48 घंटे के बाद दस्तावेजों को बॉक्स से निकालेगी और समस्याओं या शिकायतों का तुरंत निवारण करने की कोशिश की जाएगी।
गौरतलब है कि रामपुर शहर में बीते दिनों एक साथ कोरोना के एक दर्जन के करीब मामले सामने आए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने तुरंत शहर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था। ऐसे में बाजार जहां बीते शनिवार से बंद पड़ा है, वहीं लोगों के कई कार्य भी प्रभावित होने लगे हैं। शहर में संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों को जरूरत का सभी सामान घर-द्वार पर मुहैया करवाया जा रहा है और लोगों को घरों पर ही रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी के मद्देनजर नगर परिषद कार्यालय में लोगों के कार्य भी मौके पर नहीं हो पा रहे। नप ने कार्यालय के बाहर अब एक बॉक्स स्थापित किया है, जिसमें नप के कार्य से पहुंचने वाले लोगों को अपने दस्तावेज डालने होंगे। 48 घंटे में ही इन दस्तावेजों को बॉक्स से बाहर निकाला जाएगा और आगामी कार्यवाही शुरू हो जाएगी। वहीं, नगर परिषद के सभी वार्डों की भी सैनिटाइज किया जा रहा है। अब तक एसडीएम निवास से लेकर मुख्य शहर और कोर्ट परिसर तक नप ने दवाई का छिड़काव कर दिया गया है। वहीं, नप वाहन के माध्यम से शहर के लोगों को जागरूक कर रही है। लाउड स्पीकर के माध्यम से शहर के लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति सचेत किया जा रहा है और संक्रमण से बचाव की जानकारी मुहैया करवाई जा रही है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी कुलताज सिंह ने बताया कि शहर में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों के कागजी कार्यों के लिए कार्यालय में एक बॉक्स स्थापित किया गया है। इसमें डाले गए दस्तावेज 48 घंटे बाद निकाले जाएंगे और लोगों की समस्याओं या किसी भी काम से संबंधित शिकायत को देख कर इस काम शुरू कर दिया जाएगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लेकर नप ने समूचे शहर को सैनिटाइज कर दिया है। वहीं, लोगों को लाउड स्पीकर से भी जागरूक किया जा रहा है।