. नगान में 75 लाख से बनेगा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन
विज्ञापन
कलबोग स्कूल के शैक्षणिक ब्लॉक का भी किया निरीक्षण संवाद न्यूज एजेंसी कोटखाई (रोहड़ू)।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को नगान पंचायत में 1.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मुंडाढांक-मणोंन नाला-ओजड़-कराल (लंबीधार-कराल) सड़क का लोकार्पण किया। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके बाद उन्होंने पंचायत में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और लोगों को घर के नजदीक उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने कलबोग पंचायत में 1.40 करोड़ रुपये से निर्मित मेलठ-क्यूनल-कलबोग सड़क का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उबादेश क्षेत्र की यह महत्वपूर्ण सड़क करीब पांच दशक से लंबित थी। इसका निर्माण कार्य 1960 के दशक में शुरू हुआ था, लेकिन भूमि संबंधी कारणों से पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि सड़क के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। गुम्मा-बाघी सड़क की तरह यह मार्ग भी क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित होगा। सड़क के स्तरोन्नयन के लिए 4.76 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार कर नाबार्ड को भेजा गया है। मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में दूरदराज के क्षेत्रों के विकास के लिए सड़कें महत्वपूर्ण आधार हैं। जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र बागवानी बहुल होने के कारण यहां सड़क नेटवर्क का विस्तार बेहद जरूरी है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में 206 नई सड़कों की पासिंग की गई है, जबकि सड़क और भवन निर्माण परियोजनाओं पर 850 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलबोग का निरीक्षण कर 4.76 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन शैक्षणिक ब्लॉक के कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले स्थानीय निवासी नंदलाल हांगटा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भूमि दान कर उन्होंने समाज के उत्थान में सराहनीय योगदान दिया है और क्षेत्र के लोगों के सामने मिसाल पेश की है। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, पंचायत समिति अध्यक्ष विजय राजटा, पंचायत प्रधान विजय राजटा, उपप्रधान अक्षय चौहान, भूमि दानदाता नंदलाल हांगटा, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष हरिदत्त, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश ठाकुर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कोटखाई के उबादेश में सड़क का उद्घाटन करते शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर। संवाद