नगर परिषद के वार्ड नंबर पांच में पेश आई घटना, दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू,
मकान मालिक ने जलते सिलिंडर को बाहर फेंका, ट्रैफिक जाम लगा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू़। नगर परिषद राेहडू के वार्ड नंबर पांच में सिलिंडर में आग लगने का मामला सामने आया है। मकान मालिक और दमकल कर्मचारियों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा होने से टल गया। आग की लपटों को देखकर आसपास रहने वाले लोगों में भी हड़कंप मचा रहा। आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार घटन बुधवार दोपहर का है जब वार्ड नंबर पांच के एक घर में अचानक सिलिंडर में आग लग गई। इसकी भनक लगते ही मकान मालिक ने जलते हुए सिलेंडर को पास की गली में फेंक दिया। गली में आग की लपटें उठती देख बाजार में हड़कंप मच गया। इसकी वजह यह है कि यहां घनी बस्ती और बाजार है। इसके बाद लोगों ने मामले की सूचना अग्निशमन केंद्र को दी। मामले की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाने में सफलता प्राप्त की। हालांकि इस वजह से बाजार में ट्रैफिक जाम लग गया। इस वजह से लोगों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ी। जाम में एचआरटीसी की बसों के अलावा एंबुलेंस भी फंसी रही। आग पर काबू पाने के बाद यातायात बहाल हो पाया। नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच के पार्षद अशोक चौहान ने बताया है बाजार में बनाए गए फुटपाथ की चौड़ाई ज्यादा होने के कारण लोगों के लिए परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा दमकल दस्ते के समय पर पहुंचने से बड़ा हादसा होने से टल गया है।