चाैपाल के कुहल में वारदात, आरोपी गिरफ्तार
मृतक और आरोपी एक ही कमरे में रहते थे
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू)। चौपाल पुलिस थाना के तहत कुहल गांव में कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी को कमरे में ही रोककर रखा। इसके बाद पुलिस के हवाले किया गया। वारदात शुक्रवार देर रात करीब 2:00 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार नेपाली मूल के दीपक दर्जी और समीर कुहल गांव के सुरेश कुमार के पास काम करते थे। सुरेश कुमार ने उन्हें टीननुमा कमरा रहने को दिया था। शुक्रवार रात को दीपक दर्जी ने सुरेश कुमार के भाई मस्तराम को फोन पर बताया था कि उसकी समीर से कहासुनी हुई है। इसी कहासुनी के बाद उससे समीर की हत्या हो गई। मस्तराम ने इसकी जानकारी अपने तीसरे भाई भगतराम को दी। भगतराम वहां पहुंचे तो दीपक को दरवाजे पर खड़ा पाया। दीपक ने बताया कि कहासुनी के दौरान समीर के सिर पर चाकू से वार हो गया। भगतराम ने आरोपी दीपक दर्जी को कमरे में ही रोककर रखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। समीर चौधरी पुत्र मंगतराम निवासी लमकी चूहा जिला कैलाली नेपाल को बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। उसके सिर पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। पुलिस ने भगतराम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है। एसएफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।