मुनीश बाहली स्कूल के वार्षिक समारोह में मेधावियों को पुरस्कृत करते मुख्यातिथि। स्रोत : स्कूल प्
सुमित और आंचल को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के खिताब से किया सम्मानित
मुनिश-बाहली स्कूल में मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुनीश-बाहली में वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से वाहवाही बटोरी। छात्र-छात्राओं ने पहाड़ी, किन्नौरी और कुल्लवी नाटी प्रस्तुत कर संस्कृति संजोने का संदेश दिया। छात्रों ने पंजाबी, हिंदी सहित अन्य गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी और समारोह में मौजूद लोगों का भरपूर मनोरंजन किया समारोह में मेधावियों को सम्मानित किया गया। समारोह में एसएमसी अध्यक्ष सोहन लाल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। यहां पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकों सहित बच्चों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य यशवंत चौहान ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में सालभर शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया l मुख्य अतिथि ने सुमित कुमार और आंचल को सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी के खिताब से सम्मानित किया। इसके अलावा तनु, रेखा, भाविका, सुजल कुमार, हर्षवर्धन, अंतरा, एंजल, सुजल, चिराग ठाकुर, संचित सहित कई मेधावियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जय सिंह विश्वकर्मा और टीकम शर्मा सीएचटी प्राथमिक स्कूल मुनिश-बाहली विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। मंच संचालन शारीरिक शिक्षक विकास शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि ने छात्रों को बधाई दी। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशे से दूर रहकर राष्ट्र हित में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।