बार-बार आग्रह के बाद भी सरकार नहीं मान रही मांगें : जगदीश
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। लोक निर्माण विभाग के मल्टी टास्क वर्करों ने 27 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन करने का एलान किया है। मल्टी टास्क वर्कर संगठन के प्रदेश सचिव जगदीश चंद ने बताया कि लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हजारों मल्टी टास्क वर्कर तीन साल से प्रदेश सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखते आ रहे हैं। सरकार उनकी मांगों को लगातार नजर अंदाज कर रही है। सरकार के रवैये से हताश होकर उन्हें अब मजबूरन संघर्ष का मार्ग अपनाना पड़ रहा है। संगठन की मांग है कि उन्हें सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम दिहाड़ी के साथ राजपत्रित अवकाश और अन्य कर्मचारियों को मिलने वाली मेडिकल सुविधाएं भी दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उन्हें 5,500 रुपये मासिक और मात्र एक अवकाश दिया जाता है। उन्होंने बताया कि मल्टी टास्क वर्कर 27 नवंबर को धर्मशाला में विरोध-प्रदर्शन करेंगे और तब तक सचिवालय का घेराव करेंगे, जब तक उनकी मांगों को सरकार मान नहीं लेती है।