मल्टी टास्क वर्कर एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार का जताया आभार। स्रोत : एसोसिएशन
एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से उठाई मांग
ऑनलाइन उपस्थिति से छूट देने पर सरकार का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। शिक्षा विभाग में कार्यरत पार्टटाइम मल्टी टास्क वर्कर्स एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से वर्करों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई है। साथ ही पूर्व में प्राप्त पेंशन और अन्य वित्तीय लाभ देने का भी मामला उठाया है। एसोसिएशन ने स्विफ्ट चैट एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाने से छूट देने पर सरकार का आभार व्यक्त किया है। एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष पूजा नेगी ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और निदेशक प्रारंभिक शिक्षा का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय इन कर्मचारियों की वास्तविक मांग को समझते हुए लिया गया है, जो उनके हितों की रक्षा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह छूट इस श्रेणी के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत है, जो प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक कर्तव्य निभा रहे हैं और जिनका मासिक मानदेय मात्र 5,625 रुपये है। नेगी ने मांग रखी कि यह छूट केवल तीन महीने तक सीमित न रहे, बल्कि इसे स्थायी रूप से लागू किया जाए ताकि पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्करों को भविष्य में किसी प्रकार की तकरीकी बाधा या असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने वर्तमान में पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर्स को पूर्व में प्राप्त पेंशन एवं अन्य वित्तीय लाभों से वंचित कर दिया गया है, जिसे पुन: बहाल किया जाना चाहिए ताकि इन कर्मियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। अध्यक्ष पूजा नेगी ने उप-निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अरुण गौतम का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लगातार इस मुद्दे को समझा और मल्टी टास्क वर्कर्स के हितों की रक्षा के लिए विभाग के समक्ष सशक्त पक्ष रखा। इस मौके पर गौरव ठाकुर, बबिना, आशा, रूप सिंह, यांगचैन, कुसुम लता, राम कृष्णी, गुुरुुदेेव, देवपती, मीना, सरिता, अमनदीप, धनवीर, प्रीति, ज्ञान सागर, अजय कुमार, पूजा सहित अन्य मौजूद रहे।