सड़क बहाल होने से हजारों लोगों को मिली राहत
भारी बारिश में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गई थी सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा/रामपुर बुशहर। रामपुर विकास खंड की चार पंचायतों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क तकलेच सेरीपुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। भारी बारिश के चलते बीते डेढ़ महीने के अंतराल बाद भारी वाहनों की आवाजाही शुरू होने से हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है।
गौर हो कि बरसात के मौसम में हर साल उक्त सड़क अवरुद्ध होती रहती है। इसके चलते खासकर बागवानों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। बीते साल भी दो तीन माह भूस्खलन के चलते वाहनों की आवाजाही के लिए यह सड़क बंद हुई थी। वहीं इस वर्ष भी सेरीपुल से ऊपर की तरफ सड़क का करीब दो सौ मीटर एरिया भूस्खलन के चलते बार-बार बंद हो रही थी, हालांकि लोक निर्माण विभाग ने सड़क को दुरुस्त करवाने के लिए मशीनरी तैनात कर रखी थी, लेकिन बार-बार भारी बारिश ने विभाग की नींद हराम कर रखी थी। अब मौसम साफ होने के उपरांत सड़क को बहाल करवाने में विभाग को फिलहाल सफलता मिली है। वहीं 12/20 घाटी के बागवानों को सेब सीजन में भारी नुकसान उठाना पड़ा था, हालांकि सड़क बाधित होने से बागवानों को विकल्प के तौर पर लालसा बाहलीधार वाया शांदल सड़क के माध्यम से सेब सीजन में मंडियों तक पहुंचाने में काफी मदद मिली।
सेरीपुल में सड़क बाधित होने से मुनीश, काशापाट, देवठी और कूहल के लोगों को रोजमर्रा की खाद्य सामग्री जुटाने में काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क पर परिवहन जैसी सेवाएं शुरू हो गई हैं। छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होने से हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है।
उधर, लोक निर्माण विभाग तकलेच के सहायक अभियंता शोभाराम ने कहा कि सेरीपुल में बाधित सड़क बहाल कर दी गई है। विभाग ने सड़क को दुरुस्त करवाने की प्रक्रिया जारी रखी है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उक्त स्थान पर मशीनरी और मजदूर तैनात किए हैं।