रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के दुर्गम क्षेत्र 15/20 के ग्रामीण आपदा की मार झेल रहे हैं। सात महीने से तीन पंचायतों के ग्रामीणों को गानवी में मोटर पुल न होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। 15/20 विकास सभा ने गानवी में मोटर पुल बनाने की मांग को लेकर लोक निर्माण एवं शहरी मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ज्ञापन सौंपा। सभा के अध्यक्ष मोहन लाल की अध्यक्षता में मंत्री को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई। ज्ञापन में कहा कि गानवी में मोटर सड़क का पुल लगाना अति आवश्यक है। गानवी का पुल आपदा से क्षतिग्रस्त होने के कारण सात महीने से गानवी, क्याव और कूट की जनता परेशानी झेल रही है। सभा ने मंत्री से समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई है। इसके अलावा नंती-टिक्कर सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में डालने समेत अन्य नई सड़कों को स्वीकृत करवाने की मांग उठाई है। इस मौके पर बीडी डोगरा, विजय, राजेश, सुभाष नेगी, गीता राम नेगी, धर्मसेन, बहादुर सिंह और राम कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।